हाथरस। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल मेंडू की साधारण सभा की बैठक वार्ष्णेय धर्मशाला मेंडू में हुई। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राधेश्याम अग्रवाल ने की और संचालन जिला महामंत्री मनोज अग्रवाल ने किया।जिलाध्यक्ष ने कहा कि संगठन से प्रत्येक व्यापारी को जोड़ा जाए। उन्होंने स्थानीय पदाधिकारियों को अब संगठन की सदस्यता शुल्क सौ रुपये लिए जाने की जानकारी दी। उन्होंने व्यापारियों से माह में एक बैठक आवश्यक रूप से करने के निर्देश दिए। जिन बैठकों में दो बार जो पदाधिकारी नहीं आता है, उसको निष्क्रिय मानते हुए पदमुक्त किया जाए। वाणिज्य कर कमिश्नर द्वारा वर्ष 2012-13 के वादों को उपरोक्तानुसार लेखा बहियों या अभिलेखों का परीक्षण करके कर निर्धारण आदेश पारित किया जाने का निर्णय हुआ है। जिन व्यापारियों का कारोबार 50 लाख रुपये से कम होगा, उनको वाणिज्यकर विभाग द्वारा कोई नोटिस नहीं किया जाएगा। खाद्य तेलों की खरीद पर क्रेता व्यापारी को फॉर्म 21 का प्रयोग आवश्यक है। इस मौके पर जिला मंत्री मनोज अग्रवाल ने व्यापारियों को व्यापार कर की बारीकियां समझाईं। बैठक में बृजकिशोर वर्मा, श्रीकांत गुप्ता, शशी पाठक, धर्मेंद्र गोस्वामी, वाहिद हुसैन, सोनू गुप्ता, लक्ष्मण गुप्ता, नगर अध्यक्ष डॉ.हमीद खा, प्रशांत वार्ष्णेय, संजीव गुप्ता, विनोद कुमार आदि व्यापारी उपस्थित थे।