न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अब माध्यमिक शिक्षा के विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को अंगूठा लगाने पर ही वेतन मिलेगा। शासन के फरमान के बाद डीआईओएस ने निर्देश जारी किए हैं, जिसमें जुलाई माह के वेतन बिल के साथ बायोमैट्रिक हाजिरी की प्रमाणित प्रति दफ्तर में जमा करने की बात कही गई है।
जिलेभर के राजकीय एवं एडेड माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों की हाजिरी बायोमैट्रिक से लगाई जाएगी। इसे लेकर स्पष्ट तौर पर बताया जा रहा है कि ऐसे शिक्षकों की मनमानी पर अंकुश लगेगा, जो आए-दिन अपनी मनमर्जी से कॉलेज आते हैं और जाते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब शिक्षक-शिक्षिकाओं और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विद्यालय आने और जाने पर बायोमैट्रिक हाजिरी अंगूठा लगाकर लगानी होगी।
डीआईओएस सुनील कुमार ने बताया कि जुलाई माह के वेतन का भुगतान बायोमैट्रिक हाजिरी के आधार पर ही किया जाएगा। इसके लिए सभी विद्यालयों को निर्देश दे दिए गए हैं। उन्हें वेतन बिल के साथ बायोमैट्रिक हाजिरी की प्रमाणित प्रति दफ्तर में जमा करानी होगी, अन्यथा वेतन जारी नहीं हो सकेगा।