हाथरस के कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन प्रकिया को लेकर 15 अप्रैल को सपा उम्मीदवार सहित तीन उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया।
15 अप्रैल को देवबंद जिला सहारनपुर के रहने वाले सपा उम्मीदवार जसवीर वाल्मीकि, स्वराज भारतीय न्याय पार्टी से बरौला बाईपास रोड अलीगढ़ निवासी घनश्याम सिंह व गांव रघनियां निवासी जयपाल ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उम्मीदवारों और प्रस्तावकों को ही कलेक्ट्रेट परिसर से नामांकन कक्ष तक प्रवेश की अनुमति मिली। बाकी लोगों को बाहर ही रोक दिया गया।
सपा प्रत्याशी जसवीर वाल्मीकि के साथ नामांकन कराने के लिए पूर्व विधायक सपा देवेंद्र अग्रवाल, पूर्व विधायक छर्रा राकेश सिंह, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष ओमवती यादव, सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुशवाह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य, सपा जिलाध्यक्ष अलीगढ़ लक्ष्मी धनगर, आप जिलाध्यक्ष अजय सागर, पूर्व विधायक अमर सिंह यादव, पूर्व विधायक अनिल चौधरी, भोला यादव, युवराज सिंह यादव, रामनारायण काके, चौधरी भाजुद्दीन आदि पहुंचे। इसी तरह निर्दलीय प्रत्याशी जयपाल के साथ नामांकन कराने के लिए सवर्ण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज धव्वरैया पहुंचे।
नामांकन के लिए पुलिस फोर्स रहा तैनात
नामांकन के लिए 15 अप्रैल को कलेक्ट्रेट परिसर पुलिस छावनी में तब्दील रहा। दोनों प्रवेश द्वारों पर सुबह से पुलिस फोर्स तैनात रहीं। उम्मीदवारों व उनके प्रस्तावकों को विकास भवन के सामने वाले गेट से नामांकन कक्ष तक प्रवेश दिया गया। नामांकन कक्ष में मोबाइल फोन नहीं ले जाने दिया गया। मुख्य द्वार से कलेक्ट्रेट स्टाफ व अन्य कर्मचारियों को प्रवेश मिला, इन कर्मियों का पहचान पत्र देखा गया। इसी द्वार से अधिवक्ताओं को आईडी कार्ड देख कर प्रवेश दिया गया। चुनाव आयोग के निर्देश पर जिले में तीसरे चरण में सात मई को होने वाले मतदान के लिए कलेक्ट्रेट में नामांकन जारी है। 19 अप्रैल तक जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष में नामांकन दाखिल किए जाएंगे। पुलिस ने कलेक्ट्रेट में प्रवेश लेने वाले सभी व्यक्तियों की जांच की।