24 से 28 मार्च तक होने वाले हाथरस महोत्सव के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियों को तेज कर दिया गया है। डीएम अर्चना वर्मा ने महोत्सव शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उप जिला मजिस्ट्रेट आशुतोष कुमार सिंह को नोडल अधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी साहित्य प्रकाश मिश्र को पर्यवेक्षक नामित कर दिया है।
जिले में पहली बार 24 मार्च से हाथरस महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। हाथरस महोत्सव में कार्यक्रमों के नामित संयोजकों द्वारा कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कलाकारों से संपर्क कर कार्यक्रमों की प्रस्तुति को फाइनल किया जा रहा है। इसी क्रम में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर पूर्वाभ्यास भी किया जा रहा है। जिला पर्यटन सूचना अधिकारी विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि महोत्सव को लेकर पूरा खाका खींच लिया गया है। प्रथम बार होने वाले इस कार्यक्रम में ब्रज संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।