फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hathras News: न गड्ढे खोदे, न खाद की व्यवस्था, रोप दिए तीन लाख पौधे

Sat, 06 Jun 2026 03:17 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस
विज्ञापन
सिकंदराराऊ के विकास खंड कार्यालय के गेट पर रखे पौधे। संवाद - फोटो : samvad
विज्ञापन
विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले में पौधरोपण का महाअभियान चलाकर पहले चरण में 3.38 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा करने का दावा किया गया, लेकिन जमीनी स्तर पर पड़ताल में तैयारियों की पोल खुलती नजर आई। वन विभाग को छोड़ अधिकांश विभागों ने पौधरोपण को केवल लक्ष्य पूर्ति तक सीमित रखा। कई स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रम शुरू होने से कुछ मिनट पहले ही गड्ढे खोदे गए, जबकि नियमानुसार इसकी तैयारी कई सप्ताह पहले शुरू हो जानी चाहिए थी।
विज्ञापन

पड़ताल के दौरान सामने आया कि अनेक विभागों ने पौधरोपण स्थल पर न तो पहले से गड्ढे तैयार किए और न ही उनमें खाद डाली गई। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने जल्दबाजी में पौधे रोपकर फोटो खिंचवाए और अभियान पूरा होने का दावा कर दिया। ऐसे में पौधों के जीवित रहने की संभावना पर सवाल उठ रहे हैं।

कई जगह बिना रोपे पड़े मिले पौधे
अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देर शाम तक कई विभागीय कार्यालयों परिसरों और अन्य संस्थानों में पौधे बिना रोपे पड़े दिखाई दिए। शुक्रवार की दोपहर बाद तक विभिन्न विभागों के कर्मचारी नर्सरियों से पौधों का उठान करते नजर आए। इससे यह स्पष्ट हुआ कि पर्यावरण दिवस पर निर्धारित सभी पौधों का रोपण समय पर नहीं हो पाया।
विज्ञापन


लक्ष्य बड़ा, लेकिन चुनौती भी बड़ी
पर्यावरण दिवस पर पहले चरण में 3.38 लाख पौधे रोपे गए हैं। आने वाले दिनों में भी बड़े स्तर पर पौधरोपण होना है। ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि केवल लक्ष्य पूरा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को जीवित रखना सबसे बड़ी चुनौती होगी।

वन विभाग ने की पूर्व तैयारी
वन विभाग की ओर से अधिकांश स्थानों पर पहले से गड्ढे तैयार कराए गए थे। विभागीय मानक के अनुसार गड्ढों में खाद और मिट्टी का मिश्रण भी डाला गया था। इसके विपरीत अन्य विभागों में तैयारियों का अभाव साफ दिखाई दिया। पर्यावरणविद भवतोष मिश्र का कहना है कि पौधरोपण के बाद देखभाल और सुरक्षा व्यवस्था भी उतनी ही जरूरी है जितना पौधा लगाना।

ये हैं पौधरोपण के नियम
-पौधरोपण से लगभग एक माह पहले गड्ढों की खोदाई की जाती है।
- गड्ढों को कुछ दिन खुला छोड़कर उनमें गोबर की खाद और उपयुक्त मिट्टी डाली जाती है।
-पौधरोपण से एक-दो दिन पहले गड्ढों को अंतिम रूप दिया जाता है।
-पौधा लगाने के बाद नियमित सिंचाई और सुरक्षा की व्यवस्था की जाती है।
-पौधों के जीवित रहने की निगरानी भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा होती है।

प्रथम चरण में इन विभागों को मिले थे लक्ष्य
-वन विभाग को 16000
-ग्राम्य विकास को 2,17,000
-पंचायतीराज को 14,000
-कृषि विभाग को 52,000
-उद्यान विभाग को 36,000
-नगर विकास विभाग को 3,000

वन विभाग की ओर से पूरी तैयारी के साथ पौधरोपण किया गया है। अन्य विभागों की ओर से किए गए पौधरोपण में काफी सतर्कता बरती गई है। हो सकता है कुछ जगह पहले से गड्ढों की खोदाई नहीं की जा सकी, लेकिन मौसम अच्छा है, पौधरोपण पूरी तरह सफल होगा।
विज्ञापन

-राकेशचंद्र यादव, प्रभागीय वनाधिकारी, हाथरस।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें