अलीगढ़ से कानपुर से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 91 के नवनिर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण का काम तेज हो गया है। जिला प्रशासन के आदेश पर सिकंदराराऊ तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व टीम ने शुक्रवार को गांव विलार, पहाड़पुर और महामई सलावतनगर में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को अधिग्रहीत जमीन पर कब्जा दिलवाया।
जिले में कुल 21 किलोमीटर जमीन का अधिग्रहण इस राजमार्ग के काम के लिए किया गया है, जिसमें से शुक्रवार को करीब चार किमी जमीन पर प्रशासन ने एनएचएआई को कब्जा दिलवा दिया। एनएचएआई के अधिकारियों ने अधिग्रहीत जमीन पर बने निर्माणों को जेसीबी बुलाकर ध्वस्त भी करा दिया।
हालांकि इस दौरान किसी तरह का मौके पर विरोध नहीं हुआ। शनिवार को राजस्व टीम गांव रतनपुर-हुसैनपुर में अधिग्रहीत जमीन पर एनएचएआई को कब्जा दिलवाएगी। कब्जा दिलवाने का यह अभियान लगातार चलेगा। सोमवार से अपर जिलाधिकारी रेखा एस चौहान भी इस अभियान की अगुआई करेंगी। गौरतलब है कि अलीगढ़-कानपुर के बीच इस हाइवे पर आठ लेन का बाईपास और फोर लेन सड़क का निर्माण किया जाना है, जिसके लिए यह जमीन अधिग्रहण किया गया है।