नगर पंचायत की टीम ने एसडीएम सिकंदराराऊ के नेतृत्व में बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। एडीएम रेखा एस चौहान के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध किया, जिससे वहां अच्छा-खासा हंगामा भी खड़ा हो गया।
एसडीएम के नेतृत्व में अधिशासी अधिकारी रमा दुबे, लिपिक बाबूराम, रामनिवास, तेजकुमार तोमर, एसओ प्रवीण कुमार सिंह, कस्बा इंचार्ज जयकुमार कसाना, सलेमपुर चौकी प्रभारी बिजेंद्र सिंह काफी पुलिस फोर्स के साथ कस्बा में गड़ौला मार्ग पर पहुंचे। एसडीएम की मौजूदगी में दोपहर 12 से साढ़े चार बजे तक अभियान चलाया गया। दुकानदारों ने इस कार्रवाई का तीखा विरोध भी किया गया। ब्लॉक प्रमुख हसायन के पति सुमंत किशोर सिंह, बसपा नेता जानिव हसन से अधिकारियों की तीखी नोक-झोंक भी हो गई।
दुकानदारों ने प्रशासन पर कार्रवाई में सौतेला रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि नगर पंचायत द्वारा बाजार में तो अतिक्रमण हटा दिया गया है, जबकि मोहल्ला अहीरान में कोतवाली और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और ब्लॉक के बाहर लगे अतिक्रमण को नहीं हटाया जा रहा। ईओ ने कहा कि किसी के साथ भी सौतेला व्यवहार नहीं किया गया। जहां नगर पंचायत के नाले-नालियां, वहां से दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया है।