संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
नगर पंचायत के कुछ सदस्यों ने नगर पंचायत अध्यक्ष को शिकायती पत्र सौंपकर उन्हीं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सदस्य अंकित पाराशर, मनीष अग्रवाल, सब्बाल बेग, पवन कुमार, हमीद खां, बाबूलाल, श्रीपाल बघेल, मोहम्मद चांद आदि ने शिकायती पत्र में आरोप लगाए कि उनके और उनके व्यक्तिगत अधीनस्थ लोगों द्वारा नगर पंचायत की संपत्तियों के नाम परिवर्तन के नाम पर 10 से 20 लाख रुपये की रकम हम सदस्यों के नाम से मांगकर घोर भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
कर्मचारी व अधिकारियों पर नाजायज दबाव बनाया जा रहा है। सदस्यों ने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई कार्य बिना बोर्ड की सहमति से न कराए जाएं। इस मामले में चेयरमैन रविकांत अग्रवाल ने बताया कि जो आरोप उन पर लगाए गए हैं वह निराधार और मनगढ़ंत हैं। अगर आरोपों से संबंधित कोई प्रमाण सदस्यों के पास है तो प्रस्तुत करें। आरोप तो आजकल हर कोई लगा देता है।