संवाद न्यूज एजेंसी, हसायन।
नगर पंचायत के कार्यालय में सोमवार को बोर्ड की बैठक का आयोजन किया गया। सभासदों को बैठक में शामिल होने के लिए नगर पंचायत की तरफ से एजेंडा भी भेजा गया था, लेकिन बैठक में तीन नामित सभासद व एक निर्वाचित सभासद ही पहुंचे। लिहाजा कोरम पूरा नहीं होने की वजह से बैठक रद्द कर दी गई।
नगर पंचायत के सभासदों द्वारा पिछले दिनों दो बार बैठक कर नाराजगी जाहिर की गई थी। सोमवार को जब अधिशासी अधिकारी सत्यपाल सिंह ने बोर्ड की बैठक आयोजित कराने के लिए दिन व समय निश्चित करते हुए सभासदों को आमंत्रित किया गया तो नौ सभासद बैठक में शामिल होने के लिए नगर पंचायत कार्यालय नहीं पहुंचे।
सभासद बैठक में शामिल क्यों नहीं हुए, इस बारे में किसी भी सभासद द्वारा कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई। नगर पंचायत अध्यक्ष वेदवती माहौर व अधिशासी अधिकारी सत्यपाल सिंह ने कहा कि चार सभासदों के उपस्थित होने व नौ सभासदों के गैरहाजिर होने के कारण बोर्ड की बैठक स्थगित कर दी गई। अगली बैठक की तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी।