हाथरस : सेठ हरचरनदास कन्या इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र से पकड़े गए फर्जी अभ्यर्थी को ले जाती पुलिस।
- फोटो : HATHRAS
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के दौरान रविवार को सुबह की पाली की शहर के सेठ हरचरनदास कन्या इंटर कॉलेज में कक्ष निरीक्षक ने एक मुन्ना भाई (फर्जी अभ्यर्थी) को पकड़ लिया। इसकी जानकारी प्रधानाचार्या ने उच्चाधिकारियों को दी। मौके पर एसडीएम, सेक्टर मजिस्ट्रेट और सीओ पहुंच गए। फर्जी अभ्यर्थी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। प्रधानाचार्या की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओजी टीम भी मामले की छानबीन में जुट गई है, ताकि उसके गिरोह के अन्य सदस्यों को भी पकड़ा जा सके।
रविवार की सुबह शहर के सेठ हरचरनदास गर्ल्स इंटर कॉलेज में बने केंद्र पर परीक्षा देने के आए अभ्यर्थी नौ बजे अपने कक्षों में पहुंचे। प्रवेश पत्र पर दर्ज रोल नंबर 02702974 पर अंकित नाम राहुल कुमार पुत्र मोहनलाल निवासी जनपद कन्नौज के स्थान पर परीक्षा देने आया मनोज उर्फ मनोहरलाल निवासी गांव पूर, थाना रानीवाड़ा जनपद जालौर राजस्थान सेठ हरचनदास कन्या इंटर कॉलेज के कमरा नंबर 10 में पहुंचा।
उस समय सुबह के करीब नौ बज रहे थे। परीक्षा कक्ष में कक्ष निरीक्षक के रूप में तैनात दो शिक्षिकाओं ने राहुल के फोटो का मिलान उसके आधार कार्ड से किया तो फोटो में भिन्नता पाई गई। इसकी जानकारी केंद्र प्रभारी व स्टेटिक मजिस्ट्रेट को दी गई। उन्होंने उच्चाधिकारियों को बताया। यहां एसडीएम और सीओ भी पहुंच गए।
जानकारी होने पर पुलिस भी पहुंच गई। केंद्र प्रभारी ने फर्जी अभ्यर्थी को पुलिस के हवाले कर दिया। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसओजी को अन्य साथियों की तलाश में लगाया
एसपी देवेश कुमार पांडेय ने इस मामले की छानबीन के लिए स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) को लगाया है। अब एसओजी पकड़े गए फर्जी अभ्यर्थी से पूछताछ के आधार पर उसके गिरोह के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
- हरचरनदास कन्या इंटर कॉलेज हाथरस के परीक्षा केंद्र पर एक अभ्यर्थी को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया है। इसकी जांच चल रही है।
-अंजलि गंगवार, एसडीएम सासनी व सेक्टर मजिस्ट्रेट।