फॉगिंग करती मलेरिया विभाग की टीम। स्रोत : स्वास्थ्य विभाग
- फोटो : samvad
जिले में डेंगू पीड़ितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महौ के अंतर्गत आने वाले गांव पुरा कलां में मां-बेटी डेंगू पीड़ित मिली हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंच गई। टीम ने गांव में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया और फॉगिंग कराई। जिले में अब डेंगू पीडि़तों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।
सीएससी महौ के क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव पुरा कलां निवासी 60 वर्षीय महिला की दिनों से तबीयत खराब चल रही थी। महिला की 32 वर्षीय बेटी ससुराल से उन्हें देखने के लिए भी कुछ दिन पहले ही आई थी। इस बीच बेटी का भी स्वास्थ्य खराब हो गया। मां और बेटी ने चिकित्सक को दिखाकर दवा ली। इसके बाद भी दोनों की तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ। इस मां और बेटी ने डेंगू की जांच कराई। बृहस्पतिवार को आई जांच रिपोर्ट में दोनों के डेंगू पीड़ित होने की पुष्टि हुई।
मां और बेटी के डेंगू पीड़ित मिलने से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। सूचना पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महौ व मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से मलेरिया विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने दोनों ही पीड़ितों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और गांव में एंटीलार्वा दवा का छिड़काव कराया। टीम ने ग्रामीणों को घर व आसपास साफ-सफाई रखने के लिए जागरूक किया।
बृहस्पतिवार को आई जांच रिपोर्ट में दो महिलाओं की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। दोनों महिलाओं की तबीयत ठीक है। अब जिले में कुल डेंगू पीड़ितों की संख्या 14 हो गई है।
-श्रीकांत, अपर मलेरिया अधिकारी