हाथरस जिले में बंदरों का उत्पात आम लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि सरकारी विभागों के लिए भी मुसीबत बना हुआ है। बंदरों ने एआरटीओ कार्यालय में खड़े वाहन में लदा करीब 2.65 क्विंटल गेहूं खाकर बर्बाद कर दिया।
इस टाटा मैक्स वाहन को एआरटीओ ने ओवरलोडिंग पर पकड़ा था। इस वाहन की क्षमता 20 क्विंटल वजन लेकर चलने की है, लेकिन वाहन में 40 क्विंटल वजन था। इस वाहन को सीज कर कार्यालय परिसर में खड़ा कर लिया गया। 9 जुलाई की रात बंदरों ने वाहन के ऊपर तक लदी कुछ एक बोरियों को फाड़ दिया। गेहूं को खाना और बर्बाद करना शुरू कर दिया। बुधवार को जब जुर्माना वसूलकर वाहन को छोड़ा गया तो कुल वजन करीब 2.65 कुंतल कम मिला। पीटीओ रामबाबू का कहना है कि वाहन को चालक की अभिरक्षा में खड़ा किया गया था।