पंचायत चुनाव में इस बार पोलिंग पार्टियों की रवानगी की निगरानी के लिए हाईटेक तरीका अपनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में बने कंट्रोल रूम से पोलिंग पार्टियों के रवाना होने और बूथों पर पहुंचने की पूरी लोकेशन ट्रैक की गई। ऑनलाइन ट्रैकिंग सिस्टम जीपीएस से ही सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों से भी इस बारे में पल-पल की रिपोर्ट ली गई। जीपीएस ट्रैकिंग रिपोर्ट के अनुसार सभी ब्लॉक मुख्यालयों से पोलिंग पार्टियां दोपहर तीन बजे तक रवाना हुईं।
पंचायत चुनाव में इस बार सभी गतिविधियों की निगरानी हाईटेक तरीके से कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम पर बैठकर ही की जा रही है। जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट के अलावा पोलिंग पार्टियां तक इस सिस्टम के रडार पर हैं। जीपीएस के जरिये इन सभी की लोकेशन शेयर कर ली गई है। इसके माध्यम से ही उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
विज्ञापन
बुधवार को पोलिंग पार्टियों के रवाना होने के साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेटों के माध्यम से पोलिंग पार्टियों की लोकेशन पर भी जीपीएस से नजर रखी गई। पोलिंग पार्टियों के बूथों पर पहुंचने की रिपोर्ट भी इसी सिस्टम के जरिये ली गई।
कंट्रोल रूम में ईओ सिकंदराराऊ बृजेश कुमार और ईडीएम मनोज उपाध्याय ने जीपीएस के जरिये मतदेय स्थलों पर पोलिंग पार्टियों की रवानगी की स्थिति को पोर्टल पर अपडेट किया, जिससे पोलिंग पार्टियों की रवानगी को लेकर किसी तरह के भ्रम की स्थिति पैदा न हो सके और इसमें पारदर्शिता बनी रही।