हाथरस। माध्यमिक शिक्षा विभाग की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में डीएम के निर्देश के विपरीत सचल दलों की मनमानी चल रही है। सचल दल अपने निर्धारित सेक्टरों की बजाय अन्य सेक्टरों में भी छापेमारी कर रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए डीआईओएस ने एक बार फिर स्मरण पत्र के माध्यम से सचल दलों को सेक्टरों के बारे में जानकारी दी है।उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग के सचल दलों में डीआईओएस का सचल दल पूरे जिले में कहीं भी छापेमारी करेगा। बीएसए देवेंद्र कुमार गुप्ता का सचल दल सेेक्टर संख्या एक से पांच तक में छापेमारी करेगा। प्रधानाचार्य राजकीय हाईस्कूल मोहरिया ब्रजवीर सिंह के नेतृत्व में गठित सचल दल सेक्टर छह से 10 तक में छापेमारी करेगा। सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी रामवीर सिंह का सचल दल सेक्टर 11 से 15 तक में छापेमारी करेगा। खंड शिक्षा अधिकारी सादाबाद जितेंद्र सिंह का सचल दल सेक्टर 16 से 21 तक में छापेमारी करेगा। उन्होंने सचल दल प्रभारियों को निर्देश दिए है कि अगर वह अपने निर्धारित सेक्टरों के बाहर छापेमारी करते हैं तो इससे पूर्व उन्हें जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को अवगत कराना होगा।
कई केंद्र व्यवस्थापकों और प्रधानाचार्यों ने जानकारी दी है कि उनके यहां दूसरे सेक्टरों के सचल दल पहुंच रहे हैं, जिससे गफलत की स्थिति बन रही है।- जितेंद्र मलिक, डीआईओएस