हाथरस। विधान परिषद के अलीगढ़ स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन 2016 के लिए जिले में तीन मार्च को मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों की तैनाती की गई हैं। डीएम शमीम अहमद खान ने विधान परिषद के 32-अलीगढ़ स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन के लिए मतदान कार्मिकों की तैनाती करने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने पोलिंग पार्टी के समस्त पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय, तृतीय और माइक्रो ऑब्जर्वर को आदेश दिए हैं कि वह प्रत्येक दशा में 26 फरवरी शुक्रवार को सुबह 10 बजे अपने नियुक्ति पत्र जिला निर्वाचन कार्यालय, कलेक्ट्रेट, हाथरस से प्राप्त कर लें।जिला मजिस्ट्रेट के अनुसार समस्त मतदान कार्मिकों तथा माइक्रो ऑब्जर्वर के लिए कलेक्ट्रेट हाथरस में प्रथम प्रशिक्षण 29 फरवरी को सुबह 11 बजे से और द्वितीय प्रशिक्षण दो मार्च को सुबह 11 बजे से आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी पोलिंग पार्टी के प्रत्येक मतदान कार्मिक एवं माइक्रो ऑब्जर्वर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।