संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
क्षेत्रीय विधायक वीरेंद्र सिंह राना ने बुधवार को हसायन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर टीकाकरण के काम का जायजा लिया। विधायक ने वहां मौजूद लोगों से आह्वान किया कि यदि कोरोना से बचना है तो टीका अवश्य लगवाएं।
बता दें भ्रम के चलते लोग कोरोना के टीकाकरण से बच रहे हैं। विधायक ने कहा कि सरकार अब तो घरों पर ही टीकाकरण की व्यवस्था कर रही है, फिर भी लोग उदासीनता बरत रहे हैं। किस तरह कोरोना का संक्रमण रूप बदल बदलकर लोगों की जान ले रहा है। दूसरी लहर ने जितनी जानें ली हैं और लोगों का नुकसान किया है, उसकी भरपाई सहज नहीं होगी।
काम-धंधे चौपट हो गए हैं। अगर कोरोना की तीसरी लहर आ गई तो पता नहीं स्थिति कितनी भयानक होगी। लिहाजा इस खतरे से बचने के लिए टीकाकरण कराना बहुत जरूरी है। इस मौके पर दीपक उपाध्याय, चेयरमैन पति चंद्रप्रकाश माहौर, यादराम छौंकर, डॉ. आरके शर्मा, वीरेंद्र सिंह, कोवेंद्र सिंह, रेखा चाहर आदि मौजूद थीं।