हसायन कस्बे से आठ सदस्यीय दल के साथ अमरनाथ यात्रा पर गए एक किसान शेषनाग से लापता हो गए हैं। उनके साथ गए अन्य यात्री तो पवित्र अमरनाथ गुफा तक पहुंच गए, लेकिन उनका कोई अता-पता नहीं है। साथ गए लोगों से उनके लापता होने की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोगों की नींद उड़ गई है। वह सदमे की हालत में हैं। उनका पता लगाने के लिए परिजनों का एक दल पहलगाम रवाना होने की तैयारी कर रहा है। घर पर ढांढस बंधाने वालों का तांता लगा हुआ है।
कस्बा हसायन के मोहल्ला कछवान निवासी उत्तम सिंह कुशवाहा (52) पुत्र राम सिंह कुशवाहा किसान हैं। वह कस्बे की एक दुकान पर नौकरी भी करते हैं। आठ जुलाई को कस्बे के सात अन्य लोगों के साथ अमरनाथ यात्रा पर रवाना हुए। यह दल पहलगाम के रास्ते पवित्र गुफा के लिए चढ़ाई कर रहा था। उत्तम सिंह के साथ गए अन्य लोगों की मानें तो शेषनाग तक तो वह उनके साथ रहे। इसके बाद वह आगे-पीछे हो गए। आठ सदस्यीय इस दल के पांच सदस्य तो घोड़े पर बैठकर सफर कर रहे थे, जबकि बाकी तीन सदस्य पैदल चल रहे थे। पैदल चल रहे बाकी दोनों सदस्य तो पवित्र गुफा तक बुधवार की दोपहर को पहुंच भी गए, लेकिन उत्तम सिंह नहीं पहुंचे। इन लोगों ने उत्तम सिंह का पता लगाने की काफी कोशिश की, लेकिन निराशा ही हाथ लगी।
मजबूरन, उनके लापता होने की खबर हसायन में उनके परिजनों को देनी पड़ी। यह सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए। उत्तम सिंह के परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं। दो बेटों की शादी हो चुकी है। पत्नी के अलावा मां भी हैं। सबसे बड़े बेटे की उम्र करीब 25 साल है। परिजनों की हालत खराब है। चिंता में उन्होंने खाना-पीना भी छोड़ रखा है। घर पर ढांढस बंधाने वालों का तांता लगा हुआ है। परिजन अब उत्तम सिंह का पता लगाने के लिए प्रशासन से भी मदद मांगने की तैयारी कर रहे हैं।