जिले के कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला अलगर्जी में मंगलवार को पुलिस व बाल कल्याण समिति ने समय रहते हस्तक्षेप कर एक किशोरी का विवाह रुकवा दिया। मंगलवार की रात इगलास से आई बरात को बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा।
मंगलवार की रात गांव नगला अलगर्जी में अलीगढ़ जिले के इगलास कोतवाली क्षेत्र से बरात आई थी और विवाह की रस्में शुरू होने वाली थीं। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी कि वधू नाबालिग है। पुलिस और बाल कल्याण समिति की टीम आनन-फानन मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देख कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। नाते-रिश्तेदार उस समय दावत में व्यस्त थे। अचानक हुई कार्रवाई से सब थम गया।
टीम ने जब मौके पर पहुंचकर किशोरी के आयु संबंधी दस्तावेजों की जांच की, तो पाया कि उसकी उम्र महज 17 वर्ष है। कानूनी रूप से विवाह के लिए निर्धारित 18 वर्ष की आयु पूरी न होने के कारण टीम ने तुरंत विवाह की रस्मों को रुकवा दिया। प्रशासनिक दखल के बाद शादी की तैयारियां धरी की धरी रह गईं और दूल्हा पक्ष को बरात लेकर बैरंग लौटना पड़ा।
फिलहाल किशोरी को बाल कल्याण समिति की टीम ने अपनी सुरक्षा में ले लिया है। उसे वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। यहां टीम ने उसकी काउंसिलिंग की। बाल कल्याण समिति के सदस्य विनोद चौधरी ने बताया कि किशोरी के परिजनों को भी बुलाया गया है, जहां उनसे पूछताछ और वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।