अलीगढ़ रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में रविवार रात को शादी समारोह के दौरान चोरों ने दो कमरों से मेहमानों के हैंड बैग पार कर दिए। इनमें लाखों के जेवरात, नकदी और कीमती मोबाइल फोन थे। चोरी की सूचना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। चोरी की एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
इंडस्ट्रियल एरिया निवासी उद्योगपति देवेंद्र मोहता के मुताबिक रविवार को उनके छोटे भाई योगेंद्र कुमार मोहता एडवोकेट के बेटे धीरेंद्र मोहता की शादी थी। देवेंद्र की गुरुग्राम निवासी भांजी और दामाद दो कमरों में ठहरे हुए थे।
इनमें से एक कमरे के दरवाजे में कुंडी नहीं थी। वही दूसरे कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। रात डेढ़ बजे तक सभी मेहमान जाग रहे थे। मेहमानों के सोने के बाद चोरों ने दोनों कमरों से हैंड बैग चोरी कर लिए।
इन बैगों में से नकदी और जेवरात चोरी करने के बाद चोरों ने खाली बैगों को कमरों के बाथरूम में फेंक दिया।
इसके अलावा कमरों में चार्जिंग पर लगे पंाच कीमती मोबाइल फोनों को भी चोरों ने चोरी कर लिया। मेहमानों को चोरी का पता तब चला जब उनकी नींद खुली और वह बाथरूम में गए। वहां पड़े खाली बैग देखकर उनकी आंखें फटी रह गईं। तुरंत पुलिस को फोन कर चोरी की जानकारी दी गई।
चोरी गए पांच फोनों में से तीन में जीपीएस सिस्टम लगा हुआ था। पुलिस ने जीपीएस के मुताबिक लोकेशन पर चोरों की तलाश शुरू कर दी। मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण पुलिस ने चोराें को पकड़ने में पूरी ताकत झोंक दी। लेबर कॉलोनी और लहरा चौराहे पर चोरों की लोकेशन मिली और पुलिस ने दौड़ लगा दी लेकिन पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा।
हालांकि इस कसरत का नतीजा यह रहा कि चोर इन मोबाइलों को बला समझकर फेंककर चले गए। पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। इंस्पेक्टर रजनेश तिवारी का कहना है कि चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।