जनपद के विद्यालयों में मध्याह्न भोजन और दूध वितरण की जमीनी हकीकत परखने के लिए मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर बुधवार को निरीक्षण अभियान चलाया गया। 13 स्कूलों में दूध वितरण न होने की जानकारी मिली।
कहीं स्कूल बंद मिले तो कहीं खाने की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं पाई गई। जिले के 24 अधिकारियों ने 111 विद्यालयों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय नगला बैनी संचालित ही नहीं मिला। उच्च प्राथमिक विद्यालय उधैना सुबह 10 बजे ही बंद पाया गया। जांच में पाया गया कि प्राथमिक विद्यालय हाजीपुर, पुन्नेर और केशोपुर में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब थी।
निरीक्षण रिपोर्ट के अनुसार लाखनू, अफोया, मिर्जापुर, लाड़पुर, भोगांव नगला जायस, जागेश्वर, खोरना, अमरपुर घना, ऊतरा, कछपुरा, चंदपा, सेनपुर और बावली के विद्यालयों में दूध वितरण शून्य पाया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।