संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
सोमवार को शिक्षक संघ ने जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन ओसी कलेक्ट्रेट शिव सिंह और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार को दिया गया। ज्ञापन के माध्यम से दिसंबर 2022 का वेतन, सत्यापन आदेश निर्गत कराने, एरियर व महंगाई भत्ता आदि का भुगतान कराने की मांग की।
प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ पुरानी पेंशन बहाली के लिए आंदोलन कर रहा है। आरोप है कि उनसे जबरदस्ती नई पेंशन योजना के फॉर्म भरवाने के लिए वेतन रोक दिया गया है। इसको लेकर हजारों शिक्षक-शिक्षिकाएं व कर्मचारी अदालत चले गए हैं।
इस पर शासन के आदेश को स्थगित करते हुए कोर्ट ने वेतन भुगतान के आदेश दिए हैं। इसके बाद भी समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा, महामंत्री तरुण शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हितेश शर्मा, उपाध्यक्ष आदर्श दीक्षित, ब्लॉक अध्यक्ष दुष्यंत राजपूत आदि थे।