संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
नगर पंचायत पुरदिलनगर में सभासदों और अधिशासी अधिकारी के बीच विवाद थम नहीं रहा। मंगलवार को बजट पास करने के लिए हुई तीसरी बैठक में उपस्थित सभासदों ने रजिस्टर पर आपत्ति दर्ज करते हुए कहा कि पहले शिकायतों का निपटारा हो, उसके बाद ही वह बजट पास करेंगे। बैठक में उपस्थित प्रशासक एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने 14वें वित्त आयोग की धनराशि से विकास कार्यों का हवाला देते हुए बजट को पास कराने के लिए नगर निकाय निदेशालय भेज दिया है।
बता दें कि नगर पंचायत के सभासद पिछले काफी समय से असंतुष्ट चल रहे हैं। वह कई बार अधिकारियों से लेकर सरकार तक अपनी शिकायतें पहुंचा चुके हैं। इन शिकायतों की जांच तत्कालीन एडीएम रेखा एस चौहान भी कर चुकी हैं। सभासदों का आरोप है कि जांच रिपोर्ट पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
इस वर्ष बजट को लेकर दो बार बैठकें हुई हैं, लेकिन विरोध के चलते बजट पास नहीं हुआ। मंगलवार को दोबारा बजट की बैठक हुई। इसमें प्रशासक के रूप में एसडीएम ने शिरकत की। सभासद आए, लेकिन उन्होंने रजिस्टर में आपत्ति दर्ज कर दी कि पहले शिकायतों का निस्तारण किया जाए।
नगर पंचायत की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रथम और द्वितीय बजट बैठक के असफल रहने और तीसरी बैठक में आपत्ति दर्ज करने से 14 वें वित्त आयोग से विकास के लिए आई धनराशि का प्रयोग नहीं हो पाया है। अब विकास कार्यों के लिए समयावधि बढ़ा दी गई है।
अब विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर पालिका अधिनियम की धारा 92 का प्रयोग करते हुए स्थानीय निकाय निदेशक लखनऊ को स्वीकृत के लिए बजट प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया है। निदेशक की स्वीकृति के पश्चात विकास कार्यों को गति मिलेगी।