हाथरस। बेसिक शिक्षा अधिकारी रेखा सुमन ने शनिवार को ब्लॉक मुरसान के 10 विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय पटाखास का ताला बंद मिला। सभी विद्यालयों में पाई गई खामियों को दूर करने के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए गए।
पटाखास में शिक्षामित्र और शिक्षिका उपस्थित हुए, जिनको चेतावनी जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। विद्यार्थियों का पंजीकरण 65 के सापेक्ष शून्य पाया गया। इंचार्ज प्रधानाध्यापिका ओमवती देवी ने प्रधानाध्यापिका को चिकित्सकीय अवकाश पर बताया। अलमारी की चाभी भी उसके पास बताई गई। डीसी एमडीएम को एमडीएम की सप्ताह में चार दिन जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। विद्यालय में हैंडपंप और शौचालय खराब मिले। सफाई का स्तर भी घटिया था। उच्च प्राथमिक विद्यालय पटाखास में 7.47 बजे तक उपस्थित शून्य थी। इस विद्यालय में भी एमडीएम की छात्र संख्या अधिक दिखाई जा रही थी, जिससे डीसी को निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय नगला कृपा का निर्माणाधीन भवन अधूरा मिला। डीसी निर्माण को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए। प्राथमिक विद्यालय मुरसान संख्या एक में संबद्ध सहायक अध्यापिका शालिनी का संबद्धीकरण निरस्त किया गया। प्रधानाध्यापिका को तत्काल कार्यमुक्त करने के आदेश दिए। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय टिमरली, प्राथमिक विद्यालय नगला शीशम, प्राथमिक विद्यालय नगला हेमा, प्राथमिक विद्यालय नवीपुर, प्राथमिक विद्यालय जैतपुर में निरीक्षण में एमडीएम में लाभार्थी संख्या अधिक दर्शाने एवं विद्यालयों की साफ सफाई खराब पाए जाने पर सभी प्रधानाध्यापकों को सुधार के लिए चेतावनी जारी की गई है।