हाथरस। नोटबंदी के 43 वें दिन भी जिलेभर की बैंक शाखाओं और एटीएम पर दिनभर कैश निकालने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। बैंक के अंदर काउंटर्स पर भी मारामारी की स्थिति रही। मुरसान में स्टेट बैंक की शाखा में अंदर कैश निकालने के लिए खड़े लोगों में धक्का मुक्की होने की वजह से काउंटर का शीशा टूट गया।
जिलेभर में बैंक और एटीएम से कैश निकासी की व्यवस्था अभी संभल नहीं पाई है। कतार छोटी जरूर हुई हैं, लेकिन भीड़ बरकरार है। मंगलवार को भी जिलेभर में बैंक शाखाओं और एटीएम पर नकदी निकासी के लिए लोग आए तो सही, लेकिन कई बैंकों में कैश न होने, कैश कम मिलने की समस्या का सामना उन्हें करना पड़ा। इधर, कई एटीएम भी सिर्फ शोपीस बने रहे।
एटीएम से पैसा न निकलने के कारण लोग एटीएम के चक्कर काटते रहे। जिस एटीएम में पैसा था, वहंा काफी लंबी कतार लगी हुई थीं। मंगलवार को शहर के गांधी चौक स्थित स्टेट बैंक के एटीएम और मंडी समिति स्थित स्टेट बैंक के एटीएम पर कैश निकालने के लिए लोगों की लाइन लगी रही। शाम तक यहां लोग कैश निकालने के लिए ज्रूझते रहे।