संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
कोतवाली के हाथरस रोड स्थित गांव बसई में बृहस्पतिवार की शाम एक विवाहिता का शवघर के कमरे में फंदे से लटका मिला। शव मिलने की सूचना से गांव में सनसनी मच गी। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। इधर, सूचना मिलने पर मृतका के मायके के लोग भी पहुंच गए। वे रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी कर रहे थे।
गांव बरहन आगरा निवासी धर्मेश परमार ने अपनी पुत्री ज्योति की शादी गांव बसई निवासी लोकेश से चर वर्ष पूर्व की थी। शादी के बाद ज्योति को एक पुत्री भी थी। बृहस्पतिवार की शाम लगभग साढ़े चार बजे घर वालों ने ज्योति के शव को कमरे में फंदे पर लटका पाया। ज्योति की मौत की खबर से खलबली मच गई। क्राइम इंस्पेक्टर योगेंद्र कुमार ने बताया कि मायके वालों का कहना है कि ज्योति को उसके ससुराल वाले परेशान करते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। रिपोर्ट दर्ज होने पर पुलिस मामले की जांच करेगी।