पांच बच्चों को छोड़ प्रेमी संग गई विवाहिता
पुलिस ने प्रेमी को लिया हिरासत में, विवाहिता पति संग जाने को तैयार नहीं
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी विवाहिता पांच बच्चों को ससुराल में छोड़कर प्रेमी के पास अलीगढ़ चली गई। कोतवाली पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया है, लेकिन विवाहिता जिद पर अड़ी है कि कुछ भी हो जाए, वह प्रेमी के साथ रहेगी। इधर, ससुरालीजन कोतवाली पर उसे समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
बता दें करीब 15 दिन पूर्व पांच बच्चों की मां का सोशल मीडिया पर अलीगढ़ निवासी दो बच्चों के पिता से रिश्ता कायम हो गया। शख्स विधुर है। बात इतनी बढ़ी कि विवाहिता सारे रिश्ते तोड़कर प्रेमी के पास अलीगढ़ चली गई और वहीं रहने लगी। पांच बच्चों की देखभाल का जिम्मा पति के कंधों पर आ गया। परेशान पति ने कोतवाली पुलिस से गुहार लगाई। पुलिस ने उसकी पूरी मदद की।
शनिवार को अलीगढ़ से विवाहिता और उसके कथित प्रेमी को पुलिस ने पकड़ लिया और कोतवाली ले आई। कोतवाली पर सास, ननद व अन्य ससुरालीजनों ने उसके पांव पकड़कर बच्चों का वास्ता देकर उससे साथ चलने की खुशामद की, लेकिन महिला प्रेमी संग जाने की जिद पर ही अड़ी थी, जबकि आरोपी युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।