दूसरी ओर खबर फैलते ही निर्मला के ससुराली चिता छोड़कर भाग गए। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पुलिस अंत्येष्टि स्थल पर पहुंच गई लेकिन वहां कोई नहीं मिला। पुलिस को निर्मला के घर पर भी कोई नहीं मिला। पुलिस व मायके वालों ने चिता बुझाने का प्रयास किया। सफलता न मिलने पर अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई। शाम करीब चार बजे पहुंची दमकल एक घंटे बाद आग बुझा पाई। तब तक शव जल चुका था।
बेहाल सुरेशचंद्र ने ससुरालियों पर बेटी की हत्या कर शव जलाने का आरोप लगाया है। निर्मला की ससुराल में सास, ससुर और देवर हैं और चचिया ससुर का परिवार भी पास में ही रहता है। घटना के बाद इन सभी के अलावा आस-पड़ोस के भी कुछ लोग भागे हुए हैं।
फॉरेंसिक टीम ने जमा किए अवशेष
एसपी के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम ने चिता से अवशेष एकत्रित किए। पुलिस को धड़ के बीच का हिस्सा जली हालत में मिला है जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। डीएनए के जरिए शव की शिनाख्त के लिए शव अवशेषों को फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा। साथ ही मौत की वजह भी पता चल सकेगी।
कंट्रोल रूम की सूचना के आधार पर पुलिस पहुंची। चिता को बुझाया गया है। जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। -चिरंजीवनाथ सिन्हा, एसपी