हाथरस की माधव विहार कॉलोनी में 23 सितंबर की देर शाम विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन आनन-फानन में महिला उपचार के लिए बागला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में उसको चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल में हंगामा भी किया।
विज्ञापन
उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले गृह क्लेश के चलते यह महिला मथुरा रोड पर रेलवे ट्रैक पर जान देने पहुंच गई थी। इस दौरान यहां खासा हंगामा हुआ था। महिला को परिजनों व पुलिस ने समझा-बुझाकर घर भेजा था। महिला के पति सुरेंद्र का कहना है दवा की ओवरडोज के कारण उनकी पत्नी की तबीयत बिगड़ गई थी। वह उसे अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिस समय यह घटना हुई, उस समय वह फैक्टरी पर थे।
इधर, सूचना पर माहेश्वरी कॉलोनी इगलास अड्डा से मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। उन्होंने ससुराल वालों पर विवाहिता की हत्या का आरोप लगाया है। मायके वालोें ने बताया कि तीन साल पूर्व महिला की शादी हुई थी। सुरेंद्र पीतल की फैक्टरी में काम करता था। हाथरस गेट कोतवाली प्रभारी अरविंद राठी ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।