कोतवाली क्षेत्र के गांव खोकिया में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई विवाहिता पूनम (32) की मौत हो गई। मामले में मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के भाई कन्हैया ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कन्हैया निवासी गांव लुटसान सासनी ने बताया कि उसकी बहन पूनम की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व गांव खोकिया निवासी भूपेंद्र के साथ हुई थी। शादी में परिवार ने करीब 10 लाख रुपये खर्च कर घरेलू सामान सहित दान-दहेज दिया था।
आरोप है कि शादी के कुछ वर्ष बाद से ही पति भूपेंद्र, ससुर महेंद्र सिंह व अन्य ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। दो वर्ष पूर्व पूनम ने परिवार को बताया था कि उसके पति का किसी अन्य महिला से संबंध है और वह उसे तलाक देकर दूसरी शादी करना चाहता है। इसको लेकर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।
कन्हैया का आरोप है कि 23 मई की रात पति भूपेंद्र, ससुर महेंद्र सिंह और भूपेंद्र के दोस्त ने मिलकर पूनम को जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या कर दी है। सूचना मिलने पर जब परिवार गांव खोकिया पहुंचा तो घर पर ताला लगा मिला और ससुराल पक्ष के लोग भाग गए।
वहीं मृतक महिला के पति भूपेंद्र का कहना है कि वह वाहन चालक है और बाहर रहकर काम करता है। इन दिनों वह पत्नी और बेटी के साथ गांव में रह रहा था। शनिवार रात दोनों ने साथ बैठकर खाना खाया था, जिसके बाद वह दूसरे कमरे में सोने चला गया।
देर रात पत्नी की हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ सादाबाद जेएन अस्थाना का कहना है कि महिला के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है, तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी।