हरियाली तीज के लिए दुकानों पर सजे कॉस्मेटिक्स आइटम। संवाद
- फोटो : Samvad
हरियाली तीज का उत्साह बाजारों में भी दिखाई देने लगा है। महिलाओं ने खरीदारी शुरू कर दी है। साड़ी और सूट से लेकर चूड़ी, मेहंदी, बिंदी, नेल पेंट और अन्य कॉस्मेटिक सामान की दुकानें उत्पादों से सज गई हैं। व्यापारियों का अनुमान है कि त्योहार पर करीब पांच लाख की आबादी वाले शहर और आसपास के बाजारों में शृंगार सामग्री का कारोबार करीब पांच से सात करोड़ रुपये तक हो सकता है।
हरियाली तीज पर हरे रंग का विशेष महत्व होने के कारण महिलाओं में हरे रंग की चूड़ियों, बिंदी, नेल पेंट, मेहंदी और अन्य शृंगार सामग्री की मांग सबसे अधिक बनी हुई है। बाजार में ग्रीन शेड की कॉस्मेटिक सामग्री की कई वैरायटी उपलब्ध हैं। इसके अलावा ड्रेस से मैचिंग चूड़ी सेट, आर्टिफिशियल ज्वेलरी और शृंगार के सामान की विभिन्न डिजाइन वाली रेंज भी महिलाओं को खूब आकर्षित कर रही है।
रामलीला मैदान, चूड़ी वाली गली समेत शहर के प्रमुख बाजारों में कॉस्मेटिक और शृंगार सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। दुकानदारों ने भी तीज को देखते हुए नए डिजाइन, आकर्षक पैकिंग और हरे रंग के विभिन्न शेड की रेंज पहले से ही सजा रखी है। शाम के समय बाजारों में महिलाओं की भीड़ अधिक दिखाई दे रही है।
व्यापारियों को बढ़ी बिक्री की उम्मीद
दुकानदार संजय कुमार ने बताया कि हरियाली तीज नजदीक आते ही बाजार में ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। खासकर हरे रंग की शृंगार सामग्री की बिक्री में तेजी आई है। पिछले दिनों की तुलना में बाजार में बिक्री बढ़ी है। तीज से एक-दो दिन पहले बिक्री में और उछाल आने की उम्मीद है।