जिले में कोरोना की दूसरी लहर अब कम हो गई है। संक्रमण की चैन को तोड़ने के लिए शासन की गाइड लाइन के तहत कोरोना कर्फ्यू के चलते रविवार को बाजारों में खामोशी छाई। सुबह-सुबह अनावश्यक रूप से खुली दुकानों को पुलिस कर्मियों ने बंद कराया। लोगों ने जरूरी सामान की खरीदारी की। रेलवे स्टेशन व रोडवेज बसस्टैंड पर यात्रियों का अभाव दिखा। इससे इनकम प्रभावित हो रही है। इसे लेकर हाथरस डिपो के अधिकारी खासे परेशान हैं।
उल्लेखनीय है कि संक्रमण की चैन को तोड़ने के लिए रविवार को भी कर्फ्यू रहा। इसी के चलते रविवार की सुबह सुबह लोगों ने बाजारों की ओर रुख किया। लोगों ने खाद्यान्न सामग्री की खरीदारी की। शहर के रामलीला मैदान, बैनीगंज, सासनी गेट आदि बाजारों में खामोशी छाई रही। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। शाम को हालांकि सड़कों पर लोगों की चहल पहल दिखी। रविवार को अनावश्यक रुप से खुल रही दुकानों को पुलिस ने बंद भी कराया। कोरोना संक्रमण के चलते रोडवेज की बसें लोकल रूटों पर संचालित हो रही हैं। बसों में यात्रियों का भी अभाव दिखा। वहीं रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की संख्या कम रही। लोगों के घरों से न निकलने के कारण रेलवे व रोडवेज की इनकम प्रभावित हो रही है।