संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
तहसील सभागार में शनिवार को गांव-गांव कोरोना निगरानी समिति को सक्रिय बनाए रखने के लिए एसडीएम राजेश कुमार ने सादाबाद और सहपऊ के स्वास्थ्य और ब्लॉक अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सीएचसी प्रभारी डॉ. दानवीर सिंह ने कहा कि गांव-गांव कोरोना निगरानी समिति सक्रिय बनी हुई हैं। गांव में दवाओं की किट का वितरण का कार्य लगातार किया जा रहा है।
अब गांव में बुखार रोगियों की संख्या में भी कमी आ रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना का टीका वैक्सीन लगवाने से लोगों के शरीर में एंडीबॉडी बन रही है, जिससे लोग कम बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने नगर व क्षेत्र के 45 वर्ष व उससे अधिक के सभी लोगों से अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या सादाबाद सीएचसी पर आकर टीका लगवाने जाने का आह्वान किया, जिससे इस महामारी के प्रकोप को थामा जा सके।
एडीओ पंचायत दिनेश सिंघल ने बताया कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए गांव गांव में सफाई कार्य जोर-शोर से कराया जा रहा है। सैनिटाइजेशन का कार्य भी लगातार जारी है। एसडीएम राजेश कुमार ने कहा कि निगरानी समिति में शामिल सभी लोग अच्छा काम कर रहे हैं।
पहले बीमार व्यक्ति को चिन्हित करें, उसके बाद दवा की किट बांटें। यदि व्यक्ति की हालत गंभीर है तो उसे सीएचसी के लिए रेफर करें। उन्होंने सभी लेखपालों को निर्देशित किया कि वह गांव में आने वाले प्रवासियों की सूची बनाकर निर्धारित फार्मेट पर उपलब्ध कराएं, जिससे उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवा दी जा सके और उनका टीकाकरण कराया जा सके।
बैठक में तहसीलदार ज्योत्स्ना सिंह, नायब तहसीलदार राकेशचंद्रा, प्रभारी बीडीओ सहपऊ विपिन कुमार शिवहरे, बीडीओ सादाबाद, सीएचसी प्रभारी डॉ. दानवीर सिंह, सीएचसी प्रभारी सहपऊ डॉ. प्रकाश मोहन आदि थे।