हाथरस। कोतवाली चंदपा के गांव पाराशर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। उसके भाई ने ससुरालीजनों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
चंदपा के गांव पाराशर निवासी शैलेंद्र की शादी पांच साल पहले विवेकनगर सुल्तानपुर निवासी शिल्पी के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही सुसराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए परेशान करने लगे। शिल्पी के भाई रामअवतार निवासी विवेकनगर सुल्तानपुर का आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी बहन की सोमवार की रात को हत्या कर दी।
इस मामले में पति शैलेंद्र सहित सास, ससुर, देवर व ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएचओ वीपी गिरी ने बताया कि भाई की तहरीर के आधार पर पांच के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।