11 नवंबर की रात घर के पास मारी थीं गोलियां
गांव बिसाना में 11 नवंबर की रात मानवेंद्र की घर के पास ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमले में उसके दोस्त समीर को भी गोली लगी थी, जबकि उसका फुफेरा भाई बाल-बाल बच गया था। पुलिस ने हत्या और जानलेवा हमले के मामले में मौसा गीतेंद्र, खगेंद्र के बेटे कृष्णा व गोपाल तथा प्रवेश के बेटे कौशल व सुमित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। इसके बाद मानवेंद्र का अंतिम संस्कार किया गया था। तय समय में गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस पर दबाव बढ़ रहा था। बृहस्पतिवार को मिली सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
वर्चस्व की लड़ाई में हुई हत्या
एसपी ने बताया कि पूछताछ में गोपाल ने मानवेंद्र की हत्या के पीछे दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई बताई है। उसके अनुसार, मानवेंद्र की आपराधिक गतिविधियों के कारण उसे और उसके साथियों को खतरा महसूस होता था। दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार झड़प हो चुकी थी। कुछ दिन पहले मानवेंद्र और उसके साथियों ने गोपाल को घेरकर मारपीट की थी। हत्या वाले दिन भी दोनों पक्षों के युवकों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी दौरान गोपाल और उसके साथियों ने मानवेंद्र पर फायरिंग कर दी। एसपी ने बताया कि अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा