आपबीती बताते मैनेजर अभिनव भारद्वाज
- फोटो : वीडियो ग्रैब
हाथरस में जिओ फाइबर के मैनेजर अभिनव भारद्वाज अपहरणकर्ताओं से छूटने के बाद नवल नगर स्थित अपने आवास पर पहुंचे। अभिनव भारद्वाज ने अपहरण से लेकर अपहरणकर्ताओं के चंगुल से सकुशल छूटने के दौरान की कहानी को विस्तार से बताया। अभिनव ने बताया कि कैसे और कहां से अपहरण किया गया, कहां पर लेकर गए, अपहरणकर्ताओं ने कैसे रखा ?
अभिनव भारद्वाज के सकुशल घर लौटने पर परिजनों के खुशी का ठिकाना नहीं था। उनके परिजनों ने भगवान को सादर आभार प्रकट किया। अभिनव भारद्वाज से जब अपहरण के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि सिकंदराराऊ में 1 जनवरी को होटल मिश्री में लंच पर गया। वहां से हाथरस आने लगा तभी अपहरकर्ताओं ने गाड़ी में बिठा लिया। गाड़ी में 4 लोग थे। गाड़ी को वह अल्मोड़ा ले गए। वहां पर पहुंच कर 9 लोग हो गए।
शराब पिलाते और पीटते थे
अभिनव भारद्वाज ने बताया कि अल्मोड़ा में मुझे अपहरणकर्ता पिस्टल की बट और प्लास्टिक की पाइप से मारते-पीटते थे और जबरदस्ती शराब पिलाते थे। मुझे होश में नहीं आने देते थे। मेरी सिम निकालकर फैंक दी थी। अन्य किसी के हॉटस्पॉट से मेरे फोन को कनेक्ट कर घरवालों से बात कराते थे। अल्मोड़ा से मुझे लेकर मुरादाबाद पहुंचे।
अपहरण किसने कराया पर बोले यह
अपहरण किसने कराया, इस पर अभिनव बोले वह होश में ही नहीं आने देते थे, मारते-पीटते थे। अपहरणकर्ताओं ने कहा था कि पैसे मिलने के बाद मुझे मार देंगे। अपहरणकर्ताओं के 20 लाख की जगह 3 लाख पर मानने पर बोले कि तेरे घर वाले पैसे का इंतजाम नहीं कर पा रहे हैं। अपहरणकर्ताओं ने कहा था कि एफआईआर नहीं करना।