संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
सहपऊ के गांव खोंडा में एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसका शव कमरे में रस्सी के फंदे में लटका मिला। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। युवक के सभी परिजन उसके चचेरे भाई की शादी में शामिल होने मेरठ गए थे। मौत की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
गांव खोंडा निवासी नासिर खां (25) पुत्र लटूरी खां अपने मां-बाप के साथ रहता था। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले नासिर का उसके मेरठ निवासी चाचा के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसलिए उसने परिजनों को चाचा के लड़के की शादी में जाने से मना किया था लेकिन उन्होंने उसकी बात नहीं मानी। उनके मेरठ शादी में जाते ही नासिर ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया।
दोपहर के समय जब एक पड़ोसी ने खिड़की से उसे फंदे पर लटका देखा तो उसने ग्रामीणों को इसके बारे में बताया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। मृतक के परिजनों में से कोई मौजूद नहीं होने से पुलिस उनके आने का इंतजार कर रही है। सूचना पर उसकी बड़ी बहन भी मौके पर आ गई। उसका रो-रोकर बुरा हाल था। इधर कोतवाल सत्य प्रकाश का कहना है कि मृतक के परिजनों के आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।