ग्राम ततारपुर मौहरिया के चंद्र मोहन का फाइल फोटो
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
क्षेत्र के गांव ततारपुर मोहरिया में शनिवार की देर शाम एक युवक ने शौचालय के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शौचालय की कुंदी पर लटके शव को नीचे उतरवाया। पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम को भेजा है। युवक ने फांसी क्यों लगाई यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
मृतक चंद्रमोहन (40) पुत्र नेत्रपाल निवासी ततारपुर मोहरिया लवकुश इंटर कालेज में बाबू के पद पर तैनात था। उसके कोई अन्य भाई बहन नहीं है। घर में मात्र वृद्ध मां एवं पत्नी है। शनिवार की शाम चंद्रमोहन घर से अचानक गायब हो गया। देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता सताने लगी। देर रात करीब आठ बजे चंद्रमोहन का शव घर के शौचालय में कुंदी पर लटका मिला। यह नजारा देख कर परिजनों की चीख निकल गई। परिवार में कोहराम मच गया। गांव में सन्नाटा छा गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। मृतक चंद्रमोहन ने फांसी क्यों लगाई इसका पता नहीं चल सका।