बिसावर की ग्राम पंचायत घाटमपुर में लंपी जैसी बीमारी का प्रकोप थम नहीं रहा। इस बीमारी से अब तक दो दर्जन से अधिक गोवंश संक्रमित हो चुके हैं। इधर, पशुपालकों का दावा है कि पिछले 10 दिनों में पांच पशुओं की दर्दनाक मौत हो चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी टोल-फ्री नंबर 1962 पर बार-बार गुहार लगाने के बाद भी कोई सुनने वाला नहीं है।
सादाबाद क्षेत्र में लंपी के मरीज तो आ रहे हैं। गांव घाटमपुर में टीम भेजकर पशुओं की जांच कराई जाएगी।-डाॅ. विजय सिंह यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी हाथरस।
इन पशुपालकों के गोवंश ने तोड़ा दम
ग्रामीणों के अनुसार, पूरनमल, योगेंद्र, सोनू, चंद्रपाल और अनिल के गोवंश समेत लोकेश की एक बछिया की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। इसके अलावा प्रभुदयाल के चार, योगिता देवी के तीन, रामकिशन के दो और लोकेश का एक, शिवकुमार का एक गोवंश और चंद्रवीर सिंह की नौ माह की गाभिन गाय मरणासन्न स्थिति में तड़प रही है।