हाथरस।
रमजान के आखिरी जुमा (शुक्रवार) को अलविदा की नमाज अदा की गई। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच किला गेट जामा मस्जिद पर नमाज अदा करने के लिए काफी भीड़ उमड़ी। जामा मस्जिद के इर्द-गिर्द सुरक्षा के कडे़ इंतजाम रहे। मुकर्रिर वक्त से पहले ही जामा मस्जिद पर नमाजियों की भीड़ जुटने लगी। जामा मस्जिद के बाहर तक पूरी सड़क भी नमाजियों से भर गई।
तय वक्त पर जामा मस्जिद के कारी मोहम्मद उवैद ने अलविदा की नमाज अदा कराई। इससे पहले कुरआन-ए-पाक की आयतों से तकरीरें पेश करते हुए उन्होंने फरमाया कि रमजान का महीना बरकतों वाला है। रोजा हर मुसलमान पर फर्ज है और किसी भी मुसलमान को यह फर्ज नहीं छोड़ना चाहिए। रोजा रखने का मौका बहुत ही किस्मत वालों को मिलता है। रोजा जन्नत तक ले जाता है। रमजान के आखिर में खुदा की तरफ से ईद का तोहफा मिलता है। नमाज के दौरान पूरा माहौल अल्लाह-ओ-अकबर की आवाजों से गूंज उठा। अकीकदतमंदों ने परवरदिगार से मुल्क और कौम की तरक्की और अमन-चैन की दुआ मांगी। सुरक्षा की दृष्टि से एएसपी अरविंद कुमार, सीओ सिटी आरके गौतम, कोतवाल सूर्यकांत द्विवेदी सहित काफी पुलिस कर्मी तैनात थे।