क्राइम न्यूज, अमर उजाला, हाथरस।
कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव मगटई में रविवार की देर रात को बदमाशों ने घर में सो रही बुजुर्ग महिला से लूटपाट की। वहीं एक अन्य ग्रामीण के घर चोरी की घटना को भी अंजाम दिया। इस मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है।
राकेश पुत्र गीतमसिंह निवासी मगटई मुरसान ने बताया कि रविवार की देर रात को उसके घर में अचानक बदमाश आ गये। घर के आंगन में सो रही उसकी मां किरन के कानों के कुंडल लूट कर ले गए। वृद्धा के कान घायल हो गये हैं। छीना झपटी होने के बाद जब उसकी मां ने शोर किया तो अन्य लोग भी जाग गये। गांव में बदमाश आने की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के आने पर ग्रामीणों ने बदमाशों को तलाशना शुरू कर दिया। लेकिन बदमाश नहीं मिले। वहीं रविवार की रात को गांव के सोवरन पुत्र गिर्राज के यहां भी चोरी की घटना हो गई।