पीतल लूट के बाद पीडि़त रिक्शा चालक। संवाद
- फोटो : samvad
कोतवाली सदर क्षेत्र के बागमूला चौराहा के निकट माया टाकीज रोड पर मंगलवार को दिन दहाड़े बाइक सवार बदमाश रिक्शा चालक से मारपीट कर हजारों रुपये कीमत का पीतल का सामान लेकर फरार हो गए। कोतवाली सदर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और बदमाशों की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
शहर के ढकपुरा रोड वाटर वर्क्स कॉलोनी निवासी कुलदीप सिंघल ने कोतवाली सदर में तहरीर देकर कहा है कि उनकी ललित मेटल्स के नाम से फर्म है। उनके यहां पीतल की परात बनाने का कार्य होता है। मंगलवार को रिक्शा चालक सईद हुसैन पुत्र मक्खन लाल वाटर वर्क्स कॉलोनी स्थित फर्म से पीतल का माल होली वाली गली स्थित एक फर्म को देने जा रहा था। तभी गोशाला रोड स्थित बागमूला चौराह के निकट माया टाकीज रोड पर रिक्शा के पहुंचते ही दो बाइक पर सवार चार लोग आते हैं और सईद हुसैन के साथ मारपीट करने लगे।
आरोप है कि बाइक सवार चारों युवक रिक्शे में रखा हजार रुपये कीमत का पीतल का माल लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। कोतवाली सदर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पहले रिक्शा चालक सईद से पूछताछ की और उसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। कोतवाली सदर के निरीक्षक शिवकुमार शर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।