बोरों से भरा लोडर पलटने से घायल बाइक सवार। संवाद
- फोटो : Samvad
आगरा-अलीगढ़ हाईवे स्थित बिजलीघर के निकट लाल मिर्ची से लदा लोडर टेंपो बृहस्पतिवार को अनियंत्रित होकर बाइक सवारों के ऊपर पलट गया। हादसे में दोनों बाइक सवार दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
30 वर्षीय सलमान निवासी रघनियां अपनी बाइक से कस्बा में साड़ियां खरीदने आ रहे थे। उनके साथ पराग डेयरी पर अमरूद बेचने वाले 60 वर्षीय रमेशचंद्र निवासी भोजगढ़ी भी थे। जैसे ही बाइक आगरा-अलीगढ़ हाईवे स्थित बिजलीघर के निकट पहुंची, वैसे ही हाथरस की तरफ से आ रहा मिर्ची से भरा लोडर टेंपो अनियंत्रित होकर बाइक सवारों के ऊपर पलट गया।
दोनों बाइक सवार इसके नीचे दब गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राजमार्ग पर जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे पर लगा जाम खुलवाया। प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी का कहना है कि घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य में भर्ती कराया गया। यहां से दोनों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया। संवाद