थाना हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़-आगरा राजमार्ग पर हतीसा पुल के निकट वाहन को ओवरटेक करने के चलते सवारियों से भरा मैजिक लोडर वाहन पलट गया। हादसे में चालक सहित 16 लोग घायल हो गए। वाहन में सवार लोग सादाबाद के नगला मया से अपनी भांजी की शादी में भात पहनाने इगलास के गांव सहारा जा रहे थे।
कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के गांव नगला मया निवासी नीरज कुमार पुत्र भिक्की सिंह की अलीगढ़ के थाना इगलास क्षेत्र के गांव सहारा निवासी भांजी की बुधवार को शादी है। नीरज कुमार अपने परिवार के साथ भात लेकर सहारा गांव जा रहे थे। हतीसा पुल के निकट अलीगढ़-आगरा हाइवे पर किसी वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में मैजिक लोडर पलट गया।
हादसे में पवन कुमार निवासी नगला भाव सिंह सादाबाद, नीरज, अनिल, शिवम, अनूप, बनी सिंह, सुनील, सूरज, दीपक, प्रिंस, नीलम, वर्षा, गौरव, ममता, सुनीता, संध्या निवासीगण नगला मया घायल हुए हैं। घायलों को बागला जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उनके परिजन भी आ गए। प्राथमिक उपचार के बाद मैजिक चालक सहित तीन को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया।