ट्रक ने लोडर को टक्कर मार दी। हादसे में रिजवान गंभीर रूप से घायल होकर गाड़ी में फंस गए। बिलाल को भी चोट आईं। हाथरस गेट पुलिस ने रिजवान व बिलाल को जिला अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने रिजवान को मृत घोषित कर दिया।
हाथरस में आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर सोमवार देर रात ट्रक व मैक्स लोडर की भिड़ंत में लोडर चालक की मौत हो गई। परिचालक घायल हो गया। लोडर के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
विज्ञापन
चौहट्टा खुर्जा (बुलंदशहर) निवासी रिजवान (36) मैक्स लोडर चलाते थे। सोमवार को वे खुर्जा से माल लेकर आगरा गए थे तथा देर रात वहां से खुर्जा लौट रहे थे। उनके साथ परिचालक बिलाल भी था। अलीगढ़ रोड पर रुहेरी पुल पार करते समय सामने से आ रहे ट्रक ने लोडर को टक्कर मार दी। हादसे में रिजवान गंभीर रूप से घायल होकर गाड़ी में फंस गए। बिलाल को भी चोट आईं। राहगीरों ने पुलिस को फोन किया तथा दोनों को बाहर निकालने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची हाथरस गेट पुलिस ने रिजवान व बिलाल को जिला अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने रिजवान को मृत घोषित कर दिया। सिर व सीने की चोट के कारण उनकी मौत हो गई। बिलाल की हालत गंभीर है, उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे रिश्तेदारों ने बताया कि रिजवान परिवार में इकलौता बेटा था। वह अपने पीछे पत्नी व तीन बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गया है। रिजवान के पिता की ओखला दिल्ली में आढ़त है। सीओ हिमांशु माथुर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। प्रकरण में विधिक कार्रवाई की जा रही है।