आत्मनिर्भर साधन समिति में खाद आने पर लगी किसानों की भीड़
- फोटो : संवाद
हाथरस की 10 आत्मनिर्भर सहकारी समितियों में से केवल आत्म निर्भर सहकारी समिति धाधऊ एवं राजनगर पर बृहस्पतिवार की देर रात 360-360 बोरे खाद भेजी गई। शुक्रवार की सुबह से ही दोनों समितियों पर खाद लेने के लिए किसानों की कतारें लग गईं। किसानों का कहना है कि गेहूं एवं आलू की खेती के क्षेत्रफल काे देखते हुए यह खाद जरूरत से काफी कम है।
पिछले वर्ष डीएपी खाद समय से नहीं मिलने पर किसानों ने कई दिनों तक सहकारी समितियों पर हंगामा किया था। कई समितियों पर किसानों के बीच मारपीट हो गई थी। समिति पर तोड़फोड़ भी की गई थी। यदि इस बार भी समय से खाद उपलब्ध नहीं हो सकी तो पिछले वर्ष जैसे हालात फिर पैदा हो सकते हैं।
इधर, आत्मनिर्भर साधन सहकारी समिति सहपऊ पूर्वी एवं कोंकना खुर्द पर भी शुक्रवार की शाम को 360 खाद के बोरों से लदी गाड़ी पहुंच गई है। सहपऊ पूर्वी के समिति सचिव बृजकिशोर शर्मा का कहना है कि इस बार किसान को खाद की किल्लत नहीं होने दी जाएगी।