उत्तर प्रदेश लेखपाल मुख्य परीक्षा के मद्देनजर पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल द्वारा चलाई गई परीक्षा स्पेशल ट्रेन बृहस्पतिवार को परीक्षार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हुई। हाथरस सिटी स्टेशन से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने इस विशेष ट्रेन में सफर किया।
रेलवे प्रशासन ने विशेष ट्रेन का समय इस प्रकार निर्धारित किया था कि वह दोपहर में मथुरा जाने वाली नियमित पैसेंजर ट्रेन के समय के आसपास पहुंचे। इससे यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिला और भीड़ का दबाव नियंत्रित रहा। खासकर उन अभ्यर्थियों को राहत मिली, जिन्हें समय पर पहुंचने की चिंता बनी हुई थी।
इसके अलावा हाथरस सिटी स्टेशन पर दोपहर करीब एक बजे पहुंचने वाली नियमित पैसेंजर ट्रेन को 80 मिनट की देरी से री-शिड्यूल किए जाने का भी सकारात्मक असर देखने को मिला। जो परीक्षार्थी, जो परीक्षा समाप्त होने के बाद थोड़ी देर से स्टेशन पहुंचे, उन्हें आसानी से ट्रेन में चढ़ने का मौका मिल गया।
रेलवे कर्मियों ने भी यात्रियों के मार्गदर्शन और व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई। सामान्य तौर पर गर्मी के कारण दोपहर की ट्रेनों में रोजाना करीब एक हजार यात्रियों का आवागमन होता है, लेकिन लेखपाल परीक्षा के चलते यह संख्या बढ़कर लगभग 1600 तक पहुंच गई। अतिरिक्त भीड़ के बावजूद रेलवे ने संचालन को व्यवस्थित बनाए रखा। वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक इज्जतनगर संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए समय-समय पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाता है।