हाथरस। ग्राम पंचायत चुनाव के चौथे और आखिरी राउंड के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 9 दिसंबर को होने वाले मतदान के लिए 247 पोलिंग पार्टियां मंगलवार को सासनी ब्लॉक मुख्यालय से रवाना होंगी। इस चुनाव में कुल 1,49,006 मतदाता 1,350 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। प्रधान पद के लिए 718 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के 632 प्रत्याशी मैदान में हैं। सोमवार के केएल जैन इंटर कॉलेज पर दिन भर पार्टियों की रवानगी की तैयारियां चलीं।
चुनाव प्रेक्षक रमाशंकर, डीएम अबरार अहमद और एसपी डॉ. एस. चन्नप्पा ने भी सासनी पहुंचकर पार्टियाें की रवानगी और मतदान की तैयारियों का जायजा लिया। कमियां मिलने पर अधिकारियों को इन्हें तुरंत दूर कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा मतदान दिवस पर शराब पिये हुए व्यक्ति को पोलिंग बूथ के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।