पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की बेटियों के विवाह के लिए श्रम विभाग की ओर से कन्या विवाह सहायता योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का लाभ पाने के लिए श्रमिक 27 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। चयनित लाभार्थियों के लिए 12 अप्रैल को अलीगढ़ में मंडलीय स्तर पर सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की इस योजना के तहत पात्र श्रमिकों की बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। आवेदन स्वीकृत होने के लगभग 15 दिन के भीतर लाभार्थी बेटी के बैंक खाते में 85 हजार रुपये की सहायता राशि भेज दी जाएगी। इसके अतिरिक्त विवाह समारोह में भोजन और अन्य व्यवस्थाओं के लिए विभाग की ओर से 15 हजार रुपये अलग से खर्च किए जाएंगे। श्रम प्रवर्तन अधिकारी हाथरस सतेन्द्र मिश्र ने बताया कि योजना का उद्देश्य निर्माण कार्य से जुड़े आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग प्रदान करना है। पात्र श्रमिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं।