प्रयागराज में लगने वाले कुंभ में जाने के लिए तैयार होती हवन साम्रगी।
- फोटो : अमर उजाला
प्रयागराज में 15 जनवरी से चार मार्च तक लगने वाले कुंभ में हाथरस रोली श्रद्धालुओं के ललाट (माथे) पर दिखेगी। हाथरस से रोली, सिंदूर, हवन सामग्री की काफी खपत होगी। कानपुर मंडी के जरिए यह सामग्री प्रयागराज पहुंचेगी। इसके लिए व्यापारियों पर आर्डर भी आ चुके हैं। पूजन सामग्री तैयार भी हो रही है।
हाथरस में बड़े पैमाने पर पूजन सामग्री तैयार होती है, जो कानपुर, प्रयागराज, लखनऊ और फैजाबाद सहित कई मंडियों में सप्लाई की जाती है।
प्रयागराज में लगने वाले कुंभ के लिए प्रदेश सरकार द्वारा खासे इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं रंग गुलाल की नगरी हाथरस से कुंभ में रोली, सिंदूर, गुलाल, हवन सामग्री, चंदन तिलक सहित काफी पूजन सामग्री पहुंचेगी। ऑर्डर आने के साथ व्यापारी सामग्री तैयार करने में जुटे हुए हैं। करीब दो करोड़ रुपये का कुंभ पूजन सामग्री का कारोबार होगा।