मेला पंडाल से काका का शो देखकर लौट रहे बाइक सवार दो किशोर हाथरस जंक्शन में मथुरा-बरेली हाईवे पर सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। देर रात हुए हादसे में समीर (16) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरमान उर्फ कालू (17) उछलकर पुल से 25 फीट नीचे गिर गया। गंभीर चोट के कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
सासनी के गांव भोजगढ़ी निवासी समीर अपने पड़ोसी व रिश्तेदार अरमान उर्फ कालू के साथ शनिवार को मेला देखने के लिए आया था। मेले में रात को पंजाबी गायक काका का स्टेज शो था। रात 10 बजे कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों ने मेला देखा और वापस गांव लौट रहे थे। भोपतपुर रेल ओवरब्रिज पर गलत लेन पर होने के कारण सामने से आ रहे वाहन ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी।
समीर गंभीर रूप से घायल होकर पुल पर ही गिर गया, जबकि अरमान उछलकर पुल से नीचे मिट्टी के ढेर पर गिरा। घायल अवस्था में ही वह जैसे-तैसे सर्विस लेन तक पहुंचा। सूचना पर पहुंची हाथरस जंक्शन पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां समीर को मृत घोषित कर दिया। अरमान होश में था, लेकिन सदमे के कारण वह हादसे की वजह नहीं बता सका।
उसने यह तक नहीं बताया कि किस वाहन से टक्कर हुई। पुलिस ने आशंका जताई कि वे पुल पर रास्ता भटक गए थे, जिस कारण गलत लेन पर थे। घटना स्थल पर टायर के निशान व टूटे शीशे से किसी टैंकर की आशंका जताई जा रही है। सीओ सिकंदराराऊ अमित पाठक ने बताया कि सीसीटीवी की मदद से वाहन की तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
शादी में जाने के बहाने मांगकर ले गए थे बाइक
समीर तीन भाइयों में सबसे छोटा था और कक्षा 11 का छात्र था। इगलास में समीर की बुआ के बेटे की शादी का कार्यक्रम था। रविवार को बरात जानी थी। शाम छह बजे वह पड़ोसी की बाइक यह कहकर ले गया था कि बुआ के यहां शादी में जा रहे हैं। हादसे के बाद परिजनों को उनके मेले आने की जानकारी हुई। समीर के पिता संजय का डेयरी का काम है। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा है।